
नेहरू कालोनी स्थित अजबपुरकला में किराए के कमरे में रह रहे दंपति ने जहर खाकर जान दे दी। इनमें से महिला ने एंबुलेंस आने से पहले घर पर और पुरुष ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है, ऐसे में पुलिस ने स्वजनों को सूचना दे दी है। वहीं मृतकों के मोबाइल की काल डिटेल ली जा रही है, जिसके कारण मृत्यु के असली कारणों का पता चल सकेगा।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अजबपुर कलां की रहने वाली ज्योति शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनके रेलवे पटरी के पास स्थित मकान में उदयपुर राजस्थान के रहने वाले रुपेश पत्नी रेशमा के साथ किराए पर रहते थे।
इन दोनों की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत खराब होने लगी। उन्होंने एंबुलेंस को फोन किया तो उसके पहुंचने से पहले ही रेशमा ने दम तोड़ दिया। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही महिला रेशमा उम्र 30 वर्ष की मृत्यु हो चुकी थी जबकि रूपेश को दून अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
यह दंपती करीब 15 दिन पहले ही इस मकान में रहने के लिए आया था। इससे पहले वह दीपनगर में ही एक दूसरे मकान में रहते थे। दोनों एक होटल में सफाई कर्मचारी थे। अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच में यह बात भी सामने आई है कि रेशमा की शादी पहले कहीं दूसरी जगह हुई थी। वहां छोड़कर दो साल पहले उसने रूपेश के साथ शादी की। दोनों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि रूपेश ने अपने स्वजनों से तीन साल से संपर्क नहीं किया था। मृतक के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।