
रामनगर में चार महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 18 वर्षीय नवविवाहिता की मौत से परिवार में मातम पसरा है। नवविवाहिता को उसके ससुराल पक्ष के लोग रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की गर्दन पर चोट या फंदे के निशान पाए गए हैं। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। जिसके बाद पुलिस ने पति उवेश को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने मृतका के पति उवेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। कोहिनूर रामनगर के ऊंटपड़ाव स्थित गैस गोदाम रोड खताड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी। उसका मायका जसपुर में है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चलेगा।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल में प्रताड़ित किए जाने के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि नवविवाहिता की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए। वहीं चिकित्सकों द्वारा गर्दन पर निशान पाए जाने की बात सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मनीषा मरकाना प्रशासनिक टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं और कानूनी प्रक्रियाओं का जायजा लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति उवेश को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।




