
अंकिता के माता-पिता देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए हैं। करीब एक घंटे बाद उन्हें समर्थन देने के लिए हरीश रावत, गणेश गोदियाल और प्रीतम सिंह भी पहुंच गए। इस दौरान अंकिता की मां ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पर बेटी का चरित्र हनन करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई और VIP के नाम का खुलासा करने की मांग की है।
अंकिता की माता ने कहा कि अंकिता की चैट को बढ़ा-चढ़ाकर सार्वजनिक किया गया। ये एक बेटी की लड़ाई नहीं है। उन्होंने बेटी के मोबाइल को लेकर भी जांच को मांग की। उन्होंने कहा कि कल का समय दिया था, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। मुकदमा नहीं हुआ तो धरने पर बैठे रहेंगे।
अंकिता पिता वीरेन्द्र भंडारी ने कहा विनोद आर्य और उनके सहयोगी उनकी बेटी को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों 17 और 18 सितंबर 2022 की चैट सामने नहीं ला रहे हैं, जबकि उन चैट में उनकी बेटी ने स्पष्ट रूप से अपनी बात कही थी। मृतका के पिता ने चेतावनी दी कि जब तक विनोद आर्य और अनुज मंडल की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे गांधी पार्क में अनशन पर बैठे रहेंगे।





