मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गैरसैंण के खनसर में आयोजित जन्माष्टमी महाकौथिग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सीएम धामी ने अपने संबोधन में कहा कि माईथान मां भगवती का पवित्र स्थान है| उनकी कृपा से माईथान क्षेत्र संपन्न और समृद्ध है| माईथान में आयोजित होने वाला यह मेला काफी अहम है| इस तरह के मेले लोक कलाकारों को भी मंच प्रदान करते हैं| खनसर घाटी का यह महाकौथिग आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का प्रतीक है| इस दौरान उन्होंने माईथान क्षेत्र के मंगल दलों को 25-25 हजार रुपए देने की घोषणा की. साथ ही खनसर घाटी को कई सौगातें भी दी|
सीएम धामी ने क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व का मानव जीवन पर विशेष प्रभाव है। श्री कृष्ण का प्राकट्य अन्याय और अधर्म को समाप्त करने के लिए हुआ था। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश की मातृशक्ति हर क्षेत्र में आगे बढ़ कर आत्मनिर्भर बन रही है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हुई हमारी महिलाएं विश्वस्तरीय उत्पाद बना रही हैं। सरकार ने भी मातृशक्ति को और सक्षम और समृद्ध बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है| साथ ही कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों के हाथों से निर्मित उत्पादों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड’ स्थापित किया गया है|