
देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी थी और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था। कार के अंदर शराब की आधी बोतल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान देहरादून के क्रॉस रोड निवासी करीब 60 वर्षीय अजय कुमार कोहली के रूप में हुई है। स्वजन के मुताबिक, वह देहरादून में व्यापारी थे और मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। करीब डेढ़ घंटे बाद उनका शव खाई में मिलने की सूचना ने परिवार को स्तब्ध कर दिया।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान कार संख्या UK 07 HL 0343 की पहचान मृतक के वाहन के रूप में हुई। इसके बाद खाई में शव तक पहुंचने के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस को बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।





