उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी को लेकर तैयारियां तेज, प्रदेशभर से 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया ऑनलाइन पंजीकरण

प्रदेशभर से 2.35 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। पिछले साल की तुलना में इस बार पंजीकरण की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर खेल मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को सचिवालय स्थित एनआईसी सभागार से सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। खेल मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में अधिक से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने हर ब्लॉक से अधिक से अधिक खिलाड़ियों का पंजीकरण कराने पर जोर दिया और आयोजन की तैयारियों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए करीब 1.62 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। वहीं, इस वर्ष अब तक यह आंकड़ा बढ़कर 2.35 लाख से अधिक हो चुका है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है, ऐसे में आने वाले दिनों में खिलाड़ियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

इस वर्ष प्रतियोगिताओं में 8 से 14 वर्ष तथा 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। महिला ओपन वर्ग में 20 से 25 वर्ष तक की महिलाएं भी प्रतिभाग कर सकेंगी। इसके अलावा दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर प्रतिभावान खिलाड़ी को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। खेलों के माध्यम से उत्तराखंड के युवाओं को नई पहचान दिलाने के लिए प्रतियोगिता को व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी जिलों में प्रतियोगिताओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने और खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker