
जाखन नदी के तेज बहाव में 12 साल की बच्ची बह गई थी । हालांकि गनीमत रही कि वहां मौजूद छुट्टी पर आए एक फौजी और तीन युवकों ने तत्परता दिखाई। अपनी जान की परवाह किए बगैर उन्होंने नदी में छलांग लगा दी। जिसके बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
बालिका अपने साथियों के साथ जाखन नदी का पानी देखने गई थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगी। बालिका को बहता देख नदी किनारे मौजूद छुट्टी पर आए फौजी अजय कुमार निवासी चंडी प्लांटेशन, और आशुतोष, राहुल और तुषार, पुत्र प्रेम सिंह, निवासी लालतप्पड़, ग्राम माजरी ग्रांट ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी।
बच्ची को बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद चारों ने मिलकर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ और साहस से एक मासूम की जान बच गई। समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन भी लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के पास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील कर रहा है। बारिश के मौसम में जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

