चारधाम यात्रा को लेकर सीएम धामी ने ली बैठक, यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज 2 जून मंगलवार को सचिवालय में चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। चारधाम यात्रा में मौसम की प्रतिकूलता पर भक्तों की आस्था भारी पड़ रही है, अभी तक 28 लाख से ज्यादा भक्त चारधाम के दर्शन कर चुके हैं।
सीएम धामी ने निर्देश दिए कि चारों धामों में श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार, दर्शन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे से सुबह 4 बजे तक चारधाम यात्रा मार्गों पर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराया जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रबंधन का मूल मंत्र “सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद” होना चाहिए। श्रद्धालुओं को यात्रा मार्गों पर किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय-समय पर आवश्यक जानकारी मिलती रहे, इसके लिए प्रभावी सूचना तंत्र विकसित किया जाए।

