
अल्मोड़ा जिले के सल्ट थाना क्षेत्र अंतर्गत कूपी बैंड के पास एक कार 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में सवार पंजाब नेशनल बैंक के कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई।
14 मार्च 2026 को सुबह करीब 07:25 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कूपी बेंड के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह पुलिस टीम और रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की सहायता से करीब दो घंटे का रेस्क्यू अभियान चलाया। इसके बाद वाहन से भीतर से व्यक्ति को वाहन से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान सुभाष सिंह बिष्ट (35 वर्ष) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनाल गाजी, बिजली घर के पास, काशीपुर (जिला ऊधम सिंह नगर) के रूप में हुई है। घटना की सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया।


