उत्तराखंड

देवप्रयाग में किडनी मरीज की मदद को आगे आए कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह रावत, दी 30 हजार की आर्थिक सहायता; स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी पर सरकार को घेरा

देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मंजाकोट निवासी प्रमोद सिंह (पुत्र स्वर्गीय राम सिंह), जो पिछले चार वर्षों से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश सचिव सुरेंद्र सिंह रावत ने अपने निजी संसाधनों से 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान उन्होंने आगे भी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

पीड़ित प्रमोद सिंह ने सुरेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पिछले चार वर्षों से इस बीमारी से जूझ रहे हैं और इलाज के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कई प्रयासों के बावजूद उन्हें कहीं से आर्थिक सहायता नहीं मिल पाई। ऐसे कठिन समय में सुरेंद्र सिंह रावत ने उनकी मदद कर मानवता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि रावत क्षेत्र के लोगों के लिए एक उम्मीद की किरण हैं।

वहीं इस मौके पर *सुरेंद्र सिंह रावत* ने भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में आज भी उचित स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में उच्च गुणवत्ता वाले टेस्ट जैसे एक्स-रे, सीटी स्कैन और डायलिसिस सेंटर की सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जिसके कारण गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई क्षेत्रों में आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

वहीं इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रताप भंडारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी स्थानीय विधायक और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देवप्रयाग विधानसभा में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को आज भी बेहतर इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर रहना पड़ता है, जो सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करता है।

सुरेंद्र सिंह रावत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तो वह इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र की जनता के साथ धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए वह हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार हैं।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker