उत्तराखंडदेहरादून

देहरादून में स्कॉर्पियो के सीक्रेट केबिन से 1.55 करोड़ कैश बरामद

महाराष्‍ट्र नंबर के वाहन से बड़ी रकम बरामद होने की खबर मिलते ही आयकर विभाग की टीम भी पहुंच गई। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार 15 मई को कैंट थाना पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार लोगों से पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी गुजरात बताया। उनके साथ वाहन में ठाकुर जसवंत संघ बनाजी निवासी गुजरात और सचिन पटेल निवासी गुजरात मौजूद थे।

दस्तावेज मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया चालक
पुलिस ने जब वाहन के दस्तावेज मांगे तो चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और गोलमोल बातें करने लगा। इस पर पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की गई। पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन में बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई है, जिसे गाड़ी की बीच और पिछली सीट के बीच बने सीक्रेट केबिन में छिपाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया और आयकर विभाग को भी अवगत कराया गया।

बनारस से कैश लेकर आया था शख्स
क्षेत्राधिकारी नगर और आयकर विभाग की टीम की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो में बने सीक्रेट केबिन से करीब 1 करोड़ 55 लाख की नकदी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद रकम के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और इसे जसवंत को सौंपना था। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने फिलहाल संबंधित वाहन को सीज कर दिया है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker