श्रीराम मंदिर में श्रीराम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जोर-शोर से तैयारी चल रही है। वहीं उत्तराखंड में भी इस महत्वपूर्ण दिन को उत्सव के रूप में मनाने की तैयारियां जोरों पर चल रही है। इसी को लेकर उत्तराखंड शासन ने बाकायदा एक पत्र जारी करते हुए राज्य भर में 14 जनवरी से लेकर 22 नवंबर 2024 तक सांस्कृतिक उत्सव मनाए जाने के निर्देश दिए हैं।
गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के आयुक्त से लेकर सभी जिलाधिकारी को इसके लिए निर्देशित किया गया है। इस उत्सव के लिए विकास खण्ड स्तर पर महिला, युवा मंगल दल और स्वयं सहायता समूहों की समितियां गठित की जाएगी और धार्मिक स्थलों पर कलश यात्रा व झांकियों का आयोजन किया जाएगा।
इसमें विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें शहरी निकाय, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूह, महिला मंडल दल, युवक मंडल दल, स्कूल, कॉलेज शामिल होंगे। इसके अलावा मंदिरों व घाटों पर दीपोत्सव, आरती, रामचरित मानस का पाठ, भजन-कीर्तन का आयोजन होगा।