उत्तराखंडहरिद्वार

उत्तराखंड : हरिद्वार में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़… पहले दिन 2 लाख 40 हजार शिवभक्तों ने भरा जल

हरिद्वार से पहले दिन 2 लाख 40 हजार शिवभक्तों ने भरा जल। श्रावण के महीने के पहले ही दिन हाईवे से लेकर कांवड़ पटरी पर कावंड़ यात्रियों की भीड़ एक दिन पहले की अपेक्षा दोगुनी हो गई है। श्रावण मास के पुनीत पर्व में कांवड़ जल भरने वालों का धर्मनगरी हरिद्वार में तांता लगा रहा है।

23 जुलाई यानी आज मंगलवार से 27 जुलाई तक पंचक रहेगा। इसमें बांस की खरीदारी आदि करना वर्जित है। इसके चलते अधिकांश कांवड़ यात्रियों ने पहले दिन ही गंगा जल भरकर पहले सोमवार को ही धर्मनगरी के विभिन्न शिवालियों में जलाभिषेक किया। 27 जुलाई तक पंचक लगा रहेगा, जिसके चलते 28 से प्रतिदिन करीब चार से पांच लाख यात्रियों के आने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने पहले दिन कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए।

इसके चलते किसी यात्री की जनहानि नहीं हुई। पुलिस के मुताबिक पहले दिन गंगा घाट के किनारे जल भरते समय एक कांवड़ यात्री के डूबने की सूचना मिली। हालांकि जल पुलिस ने उसे सुरक्षित बचा लिया और प्राथमिक चिकित्सा के बाद यात्री जल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुआ। देर शाम पुलिस महानिदेशक अभिनव कुमार सोमवार को हरिद्वार पहुंचे और उन्होंने मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने बैरागी कैंप, सिंहद्वार, शंकराचार्य चौक, बस अड्डा, ज्वालापुर, नीलधारा पार्किंग, रोड़ी बेलवाला, हरकी पैड़ी एवं अन्य मेला क्षेत्रों में व्यवस्था देखी। अधिकारियों के साथ वर्तमान स्थिति पर मंथन के बाद उन्होंने बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Back to top button