उत्तराखंड

सरकारी नौकरी के इच्छुक युवाओं के लिए खुशखबरी, UKPSC ने 11 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर किया जारी

उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी है। नवंबर से लेकर नए साल 2027 के जून-जुलाई तक उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से सरकारी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। इससे अभ्यर्थियों को अपनी परीक्षा की तैयारी और रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। आयोग ने इन परीक्षाओं के लिए संभावित समय-सारिणी जारी की है।

इसमें 11 विभागों की विभिन्न परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियां घोषित की गई हैं। परीक्षाओं का सिलसिला 29 नवंबर 2026 से शुरू होकर जुलाई 2027 तक चलेगा। आयोग ने कैलेंडर में प्रारंभिक, मुख्य और लिखित परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित की हैं। संशोधित कैलेंडर के अनुसार, 29 नवंबर को उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल, प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 की प्रारंभिक परीक्षा होगी।

छह दिसंबर को प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज परीक्षा-2025 की मुख्य परीक्षा (वस्तुनिष्ठ) आयोजित की जाएगी। 27 दिसंबर को उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल, अवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसके बाद छह जनवरी 2027 को वैयक्तिक सहायक परीक्षा-2025 की लिखित परीक्षा होगी।

शनिवार 1 और रविवार 2 मई 2027 को पशुपालन विभाग के लिए पशु चिकित्साधिकारी (लिखित परीक्षा- वस्तुनिष्ठ प्रकार) आयोजित होगी। 8 मई शनिवार से 14 मई शुक्रवार 2027 तक ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, शहरी विकास, पेयजल और ऊर्जा विभाग और अन्य के लिए सहायक अभियंता (सिविल/यात्रिक/विद्युत/कृषि/आईटी) मुख्य परीक्षा आयोजित होगी।

 

छह जून को समीक्षा अधिकारी (लेखा) एवं सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा और 26 जून से एक जुलाई तक कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षा प्रस्तावित है। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि सभी तिथियां संभावित हैं। इनमें परिवर्तन हो सकता है।

 

आयोग के परीक्षा कैलेंडर में कार्मिक, माध्यमिक शिक्षा, उच्च न्यायालय नैनीताल, शहरी विकास, पशुपालन, ग्रामीण निर्माण, लघु सिंचाई, पेयजल, ऊर्जा और लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की भर्तियां शामिल हैं। सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता की मुख्य परीक्षाओं के लिए भी विस्तृत समयावधि निर्धारित की गई है। इससे तकनीकी पदों पर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी की रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Back to top button