उत्तराखंडमसूरी

प्लास्टिक मुक्त वन बनाने का संकल्प : मसूरी वन प्रभाग का आरक्षित क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान

पहाड़ो की रानी मसूरी वन प्रभाग द्वारा आरक्षित वन क्षेत्रों को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से रायपुर रेंज में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. उदय गौड़ के नेतृत्व में लाडपुर एवं रिंग रोड स्थित वन क्षेत्रों में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अभियान के दौरान वन क्षेत्र में फैले प्लास्टिक व अन्य कूड़ा-करकट का व्यापक स्तर पर संग्रहण कर उसका उचित निस्तारण किया गया। इस अवसर पर डॉ. उदय गौड़ ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वन केवल पेड़-पौधों का समूह नहीं, बल्कि हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनकी रक्षा करना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने घरों के कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग-अलग कर नगर निगम की कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को ही सौंपें। जंगलों में फेंका गया कचरा न केवल पर्यावरण को प्रदूषित करता है, बल्कि वन्यजीवों के लिए खतरा पैदा करता है और वनाग्नि की घटनाओं की संभावना भी बढ़ाता है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति आरक्षित वन क्षेत्रों में कूड़ा या प्लास्टिक फेंकते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध वन अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही रेंज अधिकारी रायपुर को इन क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इस स्वच्छता अभियान में हरपाल सिंह, सरदार सिंह (वन दरोगा), रेखा नेगी, सविता पंवार, राजमोहन नौटियाल (वन बीट अधिकारी) सहित अन्य वन कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker