
शुक्रवार को सीएम धामी गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, आढ़त बाजार, देहरादून में वीर बाल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरु सिंह सभा में माथा टेका एवं लंगर ग्रहण किया। मुख्यमंत्री ने संगत के साथ मिलकर पवित्र अरदास की और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
हरक सिंह रावत के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज अभद्र टिप्पणी बर्दाश्त नहीं कर सकता। भाजपा ने हमेशा सिखों के गौरव को पहचान दिलाने का काम किया। जो पार्टी आस्था का सम्मान नहीं करेगी वो भारत की आत्मा की रक्षा नहीं कर सकती।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीर बाल दिवस पर दशमेश पिता गुरु गोबिंद सिंह तथा उनके चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह साहब के साहिबजादों का जीवन त्याग, शौर्य, धर्मरक्षा और देश भक्ति का जीवंत उदाहरण है।
उन्होंने कहा नन्हें वीरों ने धर्म परिवर्तन स्वीकार करने के बजाय मृत्यु को स्वीकार किया। इन वीर साहिबजादों ने ये सिद्ध कर दिया कि स्वधर्म और राष्ट्रीय स्वाभिमान की रक्षा के लिए उम्र की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने कहा इस अमर बलिदान को आने वाली पीढ़ियां कभी भुला नहीं सकती।



