
देहरादून शहर के कांवली रोड पर बुधवार सुबह बेलगाम डंपर ने पैदल जा रहे राहगीर को कुचल दिया। हादसा सिद्धार्थ प्रोजेक्ट के पास ढाल पर हुआ। हादसे के बाद लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, गांधीग्राम निवासी 50 वर्षीय सकल सिंह साहनी रोज की तरह सुबह काम के लिए घर से निकले थे।
बल्लीवाला चौक से पहले ही तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। ट्रक आगे बढ़ते हुए एक लोडर से भी टकरा गया। घटना के बाद आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए और आक्रोशित भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया।
मृतक के स्वजन ने शव उठाने से इंकार कर दिया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।



