
घंटाघर के समीप राजपुर रोड स्थित न्यू अंपायर सिनेमा हॉल में लगी आमिर खान की फिल्म ‘बटवारा 1947’ का हिंदू रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने फिल्म के विरोध में सिनेमा हॉल के बाहर फिल्म का पोस्टर जलाया।
हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि फिल्म में भारत-पाकिस्तान विभाजन से जुड़े विषय को इस तरह प्रस्तुत किया गया है, जो पाकिस्तान के हित में जाता है। उन्होंने फिल्म से जुड़े कलाकारों और निर्माताओं पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने फिल्म पर कथित तौर पर ‘जिहादी विचारधारा’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने फिल्म के पोस्टर हाथों में लेकर विरोध जताया। तो वहीं, फिल्म के लीड एक्टर्स आमिर खान और सनी देओल की तस्वीरें भी जलाई गईं। प्रदर्शनकारियों ने ‘आमिर खान मुर्दाबाद’ और ‘सनी देओल मुर्दाबाद’ जैसे नारे लगाए। इसके अलावा ‘जय श्री राम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारे भी लगाए गए।


