
यूट्यूबर अनुराग डोभाल और उनके साथियों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और निजी सामान ले जाने के आरोप में रायपुर थाने में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित ने अनुराग डोभाल और उनके साथियों पर घर में जबरन घुसकर मारपीट करने, हथियार दिखाकर धमकाने, मोबाइल से निजी डेटा लेने और दबाव बनाकर सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करवाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में बालावाला स्थित विवेक विहार निवासी आयुष थपलियाल ने पुलिस से शिकायत की। उन्होंने बताया कि वह इंटरनेट मीडिया के क्षेत्र में करियर बनाने का प्रयास कर रहे हैं। तीन अक्टूबर की रात यूट्यूबर अनुराग डोभाल अपने पांच-छह साथियों के गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस गया। इसी दौरान आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी और फ़ोन छीन लिया।
पीड़ित का आरोप है कि अनुराग और उनके साथियों ने दबाव बनाकर उसके मोबाइल फोन से निजी फोटो, वीडियो, संपर्क और सोशल मीडिया से जुड़ी जानकारी अपने पास ट्रांसफर कर ली। इसके अलावा उसे धमकाकर वीडियो बनवाने और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करने के लिए मजबूर किया गया।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जाते समय आरोपी उनका ब्लूटूथ हेडसेट, रे बैन का चश्मा, एक्सटर्नल हार्ड ड्राइव और आईफोन का मूल चार्जर अपने साथ ले गए। रायपुर थाने में दर्ज एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(2), 333, 351(2) और 352 लगाई गई हैं, जिसमें अनुराग डोभाल समेत छह लोगों को नामजद किया गया है।


