
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण करते हुए राज्य को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। इससे पहले मुख्यमंत्री और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 14 पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। जिसमें 7 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा के आधार पर एवं 6 को विशिष्ट कार्यों के आधार पर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र और हर वर्ग तक पहुंचे। कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराने वाला दिन बताया।




