उत्तराखंडदेहरादून

दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट घोषित, भीड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया 

दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार धमाके के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना को अत्यंत दुखद बताया है और इसमें हताहत एवं घायल हुए लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्य की सुरक्षा-व्यवस्था को कड़ा करने के निर्देश दिए हैं, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा बल पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं।

सुरक्षा के मद्देनजर राज्य के सभी जिलों के पुलिस प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त और चेकिंग को तुरंत बढ़ा दें। इसके बाद संवेदनशील और भीड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में प्रवेश करने वाले हर वाहन और व्यक्ति की बारीकी से जांच की जा रही है। सभी बड़े मंदिरों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

डीजीपी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें। राज्य पुलिस पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखे हुए है।

Related Articles

Back to top button