नगर निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के दृष्टिगत भाजपा की कसरत अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। दावेदारों का पैनल तैयार करने के लिए जिलों में भेजे गए पर्यवेक्षकों के साथ बैठकों का क्रम बुधवार को पूरा हो गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि नगर निगम के मेयर पद को छोड़कर दो-तीन दिन में पार्टी अपने सभी प्रत्याशियों की घोषणा कर देगी। चुनाव संचालन समिति में मेयर पद के तैयार पैनलों में शामिल नामों पर विचार तो होगा, लेकिन निर्णय केंद्रीय चुनाव संचालन समिति करेगी।
मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय देहरादून में कांग्रेस की अहम बैठक हुई। जिसमें 28 दिसंबर तक सभी उम्मीदवारों की सूची जारी करने का फैसला लिया गया। जिसके बाद माना जा रहा है कि कांग्रेस आज अपनी पहली सूची जारी कर सकती है। इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी कहा है कि पर्यवेक्षक की रिपोर्ट पर समन्वय समिति नामों पर चर्चा करेगी और जिसके बाद प्रत्याशियों के नामों की पहली सूची जारी कर दी जाएगी।
गुरुवार को होने वाली भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में पैनल में शामिल नामों पर मंथन होगा। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी के अनुसार बैठक शाम पांच बजे प्रदेश मुख्यालय में होगी, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहेंगे।
27 से 30 दिसंबर तक निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 31 से एक जनवरी 2025 तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। दो जनवरी तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। तीन जनवरी 2025 को प्रतीक आवंटित किए जाएंगे।