
देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में सहारनपुर का गैंगस्टर रईस घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसका साथी नवाब अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 12-13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की तरफ से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आते दिखाई दिए। दोनों बाइक लेकर चाय बागान की ओर भागे। पीछा करने पर उन्होंने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में थाना प्रेमनगर में मुकदमा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। वहीं मुठभेड़ के बाद पुलिस ने फरार बदमाश नवाब की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है वहीं, घायल गैंगस्टर को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। साथ ही स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए जिले के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं।


