
मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास एक बार फिर भूस्खलन ने यातायात की रफ्तार रोक दी। शनिवार को मार्ग का एक हिस्सा गिरने से दो घंटे के लिए बंद किया गया। सड़क की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने भारी वाहनों की आवाजाही पर अग्रिम आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया है। उप जिला मजिस्ट्रेट आदेश जारी किया है। अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, द्वारा भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया कि पानीवाला बैंड पर अत्यधिक बारिश के कारण मार्ग पर पूर्व में निर्मित सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान पानी वाले बैंड अब लगातार खतरे वाले क्षेत्र के रूप में सामने आ रहा है। बारिश होते ही यहां मलबा आने और सड़क धंसने का खतरा बढ़ जाता है। इससे मसूरी आने-जाने वाले लोगों को हर बार जाम और मार्ग बंद होने की समस्या से जूझना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के बाद मसूरी और देहरादून दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहे।
कोतवाली मसूरी को पानीवाला बैंड क्षेत्र में 24 घंटे आवश्यक पुलिस बल तैनात रखने को भी कहा गया है। भारी बारिश के बीच सड़क की सुरक्षा को लेकर प्रशासन के इस निर्णय से फिलहाल भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।


