अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीयों की वापसी शुरू
अमेरिका ने अवैध भारतीय अप्रवासियों को डिपोर्ट करना शुरू कर दिया है। इन अवैध अप्रवासियों को एक विमान से वापस भेजा जा रहा है।
अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को लेकर अमेरिकी एयरफोर्स का मिलिट्री विमान आज भारत पहुंचने वाला है। यह विशेष विमान अमेरिका के सैन्यअड्डे से मंगलवार को रवाना हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी सवार बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक सटीक संख्या को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार इस फ्लाइट में 205 भारतीय नागरिक मौजूद हैं, जिनमें से करीब 140 पंजाब से ताल्लुक रखते हैं।
ट्रंप अवैध अप्रवासियों पर शिकंजा कसने के लिए सेना का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने मेक्सिको सीमा पर सेना के जवानों की तैनाती की है। वहीं अवैध अप्रवासियों को रखने के लिए सैन्य ठिकानों का इस्तेमाल किया जा रहा है और सेना के विमानों से ही अवैध अप्रवासियों को निर्वासित किया जा रहा है। हालांकि दावा किया जा रहा है कि सेना के विमानों से अवैध अप्रवासियों को भेजने की लागत नागरिक विमानों की तुलना में बहुत ज्यादा है। ट्रंप ने अवैध अप्रवासियों को निकालने के साथ ही कनाडा, मेक्सिको और चीन पर टैरिफ भी लगा दिया है और यूरोप पर टैरिफ लगाने की धमकी दी है।