
विकासनगर के बादामवाला क्षेत्र में 20 वर्षीय बीबीए एलएलबी के छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। पिता के लाइसेंसी पिस्तौल से अपने सिर में गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उसे उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।धूलकोट स्थित निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंश गुप्ता उत्तरांचल यूनिवर्सिटी दून में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था। घटना किन परिस्थितियों में हुई पुलिस इसकी जांच कर रही है। अंश गुप्ता के पिता विवेक गुप्ता पेशे से अधिवक्ता और पछवादून बार एसोसिएशन के सदस्य हैं। वह विकासनगर सिविल कोर्ट में प्रेक्टिस करते हैं।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया परिजनों के मुताबिक अंश गुप्ता करीब तीन बजे कॉलेज से घर वापस आया था। वह पहले अपने पिता के कमरे के भीतर गया। उसके बाद बाहर आकर सीधा अपने कमरे चला गया। उसकी मां और बहन ने कमरे से गोली की आवाज सुनी तो वह उस ओर दौड़ पड़े। भीतर अंश गुप्ता खून से लतपथ पड़ा था।
उसके सिर पर गोली लगी थी। उसके पास पिता का लाइसेंसी पिस्तौल पड़ी थी। परिजन उसे उपचार के लिए उप जिला अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक ने अपने पिता के कमरे से डिजिटल लॉकर से पिस्तौल निकाली थी। एफएसएल टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही है।





