सीमांत त्यूणी तहसील से जुड़े रायगी के पास शादी से लौट रही एक कार हादसे का शिकार हो गई। ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में छह लोग सवार थे।
पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, त्यूणी लाया गया।
सूचना के अनुसार शनिवार दोपहर को उत्तरकाशी के मोरी थाना क्षेत्र डगोली गांव निवासी मनीष नौटियाल (25) पुत्र बारूदत्त त्यूणी के मेघाटू गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर कार त्यूणी लौट रहे थे। वह स्वयं कार चला रहे थे।
मृतकों में मेघाटू निवासी 30 वर्षीय अनीता देवी और उसका तीन वर्षीय पुत्र सोरांश व मुंधोल निवासी सूरतराम (62) शामिल हैं। इसके अलावा हादसे में गंभीर घायल मनीश नौटियाल निवासी डगोली-बंगाण तहसील मोरी उत्तरकाशी, इतिका जोशी निवासी मुंधोल-त्यूणी व देवेंद्र बिजल्वाण निवासी चिल्हाड़ घायल तीनों को उपचार के लिए राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र त्यूणी में भर्ती कराया गया है।
रायगी मंदिर के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। जब, तक चालक कुछ समझ पाता तब, तक कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सूचना पर थाना प्रभारी आशीष रवियान पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगोंं की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला।