
आशा कार्यकर्ता और भोजन माताओं ने न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये सहित विभिन्न मांगों को लेकर देहरादून सचिवालय पर घेराव किया। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के आह्वान पर परेड ग्राउंड से सचिवालय की ओर निकले प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने सचिवालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया।
आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे सात सूत्रीय मांगों को लेकर लंबे समय से आवाज उठा रही हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय के बाहर चल रहे धरने को आगे बढ़ाते हुए सचिवालय के बाहर प्रदर्शन शुरू किया।
पदाधिकारियों ने कहा कि, चार श्रम सहिंता में मजदूरों के खिलाफ प्रावधानों के हटाकर श्रमिकों के पक्ष में नियम बनाए जाए, क्योंकि श्रम संहिताओं में नियम बनाने का अधिकार राज्य सरकार को भी है। आंदोलनकारी आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं की प्रमुख मांग न्यूनतम वेतन 42 हजार रुपये निर्धारित करना है। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने श्रमिकों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी उठाया।




