
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक मेले का भव्य शुभारंभ किया। सात दिन तक चलने वाले मेले की शुरुआत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
सीएम धामी ने कहा कि यह मेला वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ था। उस समय गौचर भारत-तिब्बत व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र था। अब यह औद्योगिक और सांस्कृतिक मेले के रूप में देशभर में अपनी पहचान बना चुका है। गौचर मेला हमारी विरासत को सहेजने और हमारी अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। ये पीएम मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान को धरातल पर उतारने का भी एक सशक्त मंच है।
उन्होंने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, यहां की दालें, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां केवल स्थानीय बाजारों तक सीमित न रहें, बल्कि देश-दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड की शुरुआत की गई है। इस ब्रांड का कारोबार अब तक छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
सिमली अस्पताल के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके समाधान के लिए जल्द कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी सभी संबंधित पक्षों की बात सुनकर समाधान की दिशा में काम करेगी। वहीं, गौचर में प्रेस क्लब भवन बनाने की मांग पर उन्होंने स्थानीय स्तर पर उपयुक्त जमीन का चयन करने को कहा।




