भैया दूज पर केदारनाथ-यमुनोत्री के कपाट बंद, बहन को लेने डोली में पहुंचे शनिदेव

उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठानों और मां यमुना के जयकारों के बीच सुबह 10:28 बजे शुभ मुहूर्त में शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गूंज उठा। कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली गांव के लिए रवाना किया गया।
कपाट बंद होने के समारोह में इस बार शनिदेव महाराज की डोली भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। परंपरा के अनुसार शनिदेव महाराज की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। यहां शनिदेव महाराज ने यमुना नदी में स्नान किया और अपनी बहन मां यमुना के साथ विशेष पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
रुद्रप्रयाग जिले में स्थित 11वें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ के कपाट बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे विशेष पूजा-अर्चना के बाद बंद किए गए। कपाट बंद करने की प्रक्रिया तड़के चार बजे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। इस दौरान पूरी केदारपुरी ‘हर हर महादेव’, ‘जय बाबा केदार’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठी। इस अवसर पर देश-विदेश से आए सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।



