उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी ने विदेशी उच्चायुक्तों से की मुलाकात, विदेशों में नौकरी के लिए युवाओं को मिलेगी स्पेशल स्किल और लैंग्वेज ट्रेनिंग

मुख्यमंत्री धामी ने जमैका, इथियोपिया और जाम्बिया के भारतीय उच्चायुक्तों से मुलाकात कर विदेशों में रोजगार की संभावनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री आवास में जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी, इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम और जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने मुख्यमंत्री से भेंट की। इस दौरान संबंधित देशों में रोजगार की संभावनाओं, कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता तथा उत्तराखंड के युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों के संबंध में विस्तृत चर्चा हुई।

सीएम धामी ने कहा कि विदेशों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों और वहां की आवश्यकता के अनुरूप राज्य के युवाओं को कौशल एवं आवश्यक भाषा प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे उन्हें वैश्विक स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। । मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें वैश्विक मांग के अनुरूप आवश्यक कौशल और प्रशिक्षण प्रदान कर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा जा सकता है।

जाम्बिया में भारत के उच्चायुक्त आलोक रंजन झा ने बताया कि जाम्बिया में कुशल मानव संसाधन की व्यापक आवश्यकता है। शिक्षा और कृषि के क्षेत्र में वहां कार्य करने की अनेक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि जाम्बिया में जिन क्षेत्रों में कुशल मानव संसाधन की आवश्यकता है, उनके संबंध में राज्य सरकार को विस्तृत नोट उपलब्ध कराया जाएगा।

जमैका में भारत के उच्चायुक्त मयंक जोशी ने बताया कि जमैका में पर्यटन, स्वास्थ्य सेवा और कृषि के क्षेत्र में रोजगार की अनेक संभावनाएं हैं। विशेष रूप से नर्सिंग के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन की मांग है।

इथियोपिया में भारत के राजदूत देवेश उत्तम ने कहा कि इथियोपिया में प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में कार्य करने की अनेक संभावनाएं हैं। फार्मास्युटिकल और फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में भी वहां बेहतर अवसर उपलब्ध हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक के अंत में दोहराया कि सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के ज्यादा से ज्यादा मौके देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय मिशनों के जरिए विदेशों में मौजूद अवसरों की जानकारी युवाओं तक पहुंचाने और उन्हें जरूरी प्रशिक्षण देने का काम सुनियोजित ढंग से किया जाए।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker