
उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास शुक्रवार रात को एक सड़क हादसा हो गया। यहां पर्यटकों से भरी एक पंजाब नंबर की स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। कार में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे।
इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक पुरुष ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में से दो को रेस्क्यू टीम ने तुरंत सड़क तक पहुंचाया और एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा। तीसरे घायल व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया रात तक चलती रही। घटनास्थल पर डॉक्टरों की टीम, जरूरी जीवन रक्षक उपकरण और एम्बुलेंस तैनात रही। मृतकों के शवों को भी खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है, और पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
हादसे में लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67) और दामोदर हरीराम रामटेककर (77) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों चारधाम यात्रा पर आए हुए थे। वहीं दुर्घटना में घायल होने वालों में विमल कुमार (61) और उपासना (54) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा तथा वाहन चालक यशवीर (35) निवासी पंजाब शामिल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।


