केदारनाथ धाम के कपाट खुले, हर-हर महादेव और जय बाबा केदार से गूंजा बाबा का धाम

श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज यानी कि 22 अप्रैल प्रातः 08:00 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गया। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ हो गया है। कपाट उद्घाटन के दौरान हेलीकॉप्टर से मंदिर पर भव्य पुष्प वर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था को और भी बढ़ा दिया।
कपाट खुलते ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा केदार के जयघोषों से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बने। प्रदेश के मुखिया सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पत्नी संग धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि केदारनाथ धाम सहित चारों धाम उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान हैं। यह केवल धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र भी हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।




