उत्तराखंडटिहरी

25वीं ऑल इंडिया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का सीएम धामी ने किया शुभारंभ,देशभर के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी गढ़वाल में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स क्लस्टर चैंपियनशिप का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस मौके पर सीएम ने देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए पुलिस व अर्धसैनिक बलों के खिलाड़ियों और अधिकारियों का देवभूमि में स्वागत किया।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में देशभर की 19 टीमों के 440 से अधिक महिला एवं पुरुष खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं, जो कैनोइंग, रोइंग एवं कयाकिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। सीएम धामी ने अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड का आभार जताते हुए कहा कि यह उत्तराखंड के लिए बेहद गर्व का विषय है कि राज्य को पहली बार इस राष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी मिली है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स जैसे खेल आपदा प्रबंधन, बाढ़ राहत, नदी बचाव और तटीय सुरक्षा जैसे कार्यों में भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। इन खेलों में दक्षता कई बार जीवन रक्षक साबित होती है और आपात परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाती है।

मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवान देश की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और जनविश्वास को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनका शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना अत्यंत आवश्यक है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker