
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रेमनगर, देहरादून स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान सीएम धामी ने कहा यह एक अद्भुत ‘पूजन’ कार्यक्रम है। इसमें 11,000 कन्याओं का ‘कन्या पूजन’ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चैत्र नवरात्र केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति एवं संस्कारों के माध्यम से शक्ति उपासना का महापर्व है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या को साक्षात देवी स्वरूप माना गया है। शास्त्रों में भी कन्याओं को अत्यंत सम्मानजनक स्थान दिया गया है। बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से समाज को सशक्त और समृद्ध बनाती हैं तथा हमारी संस्कृति और परंपराओं की सशक्त वाहक हैं। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन के इस पावन अवसर पर समाज को यह संकल्प लेना चाहिए कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार सुनिश्चित किया जाएगा।
यह बेटियों के प्रति हमारे समर्पण, भावनाओं और सम्मान को दर्शाता है। इसके साथ ही, इसने हमारी सनातन परंपरा को भी आगे बढ़ाया है। ऐसे कार्यक्रम हमारी युवा पीढ़ी को हमारी विरासत से जुड़ने के लिए भी प्रेरित करते हैं।


