
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई के लिए नई व्यवस्था की गई है। तेल व गैस आपूर्ति कंपनियां आईओसीएल, बीपीसीएल व एचपीसीएल प्रदेश में रोजोना 2650 व्यावसायिक एलपीजी गैस के सिलिंडरों की आपूर्ति करेंगे। इसकी सूचना जिलाधिकारी को देंगे।
सचिव आनंद स्वरूप की ओर से जारी एसओपी में कहा गया कि पर्यटन गतिविधियों व चारधाम यात्रा के कारण राज्य में होटल-रेस्टोरेंट सहित पर्यटन से जुड़े व्यवसायों में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की मांग बढ़ जाती है।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्य में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों की जरूरतों के अलावा पर्यटन व्यवसाय के लिए दैनिक आवश्यकता के लगभग 20 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
इसमें देहरादून जिले में 31 प्रतिशत, टिहरी में चार प्रतिशत, हरिद्वार में 13 प्रतिशत, पौड़ी में चार प्रतिशत, रुदप्रयाग में पांच प्रतिशत, उत्तरकाशी में चार प्रतिशत, चमोली में छह प्रतिशत, नैनीताल में 13 प्रतिशत, बागेश्वर में दो प्रतिशत, अल्मोड़ा में चार प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर में नौ प्रतिशत, पिथौरागढ़ में तीन प्रतिशत व चंपावत में दो प्रतिशत व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों का वितरण किया जाएगा।
