उत्तराखंडदेहरादून

CBI अधिकारी बनकर दिखाया डिजिटल अरेस्ट का डर,  महिला  बुजुर्ग से की 3.09 करोड़ की ठगी

देहरादून में साइबर ठगों ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर 69 वर्षीय बुजुर्ग महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाया और उनसे कुल 3 करोड़ 9 लाख रुपये ठग लिए। बुजुर्ग महिला ने ठगों को पैसे देने के लिए अपनी एफडी तुड़वाई, शेयर बेचे और गहने तक गिरवी रख दिए। बुजुर्ग की शिकायत पर साइबर थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

डालनवाला निवासी 69 वर्षीय तनुश्री ने बताया कि उनके पति बैंक से सेवानिवृत्त हुए हैं। खुद को सीबीआइ अधिकारी बताने वाले प्रदीप मिश्रा और आइपीएस अधिकारी बताने वाले सुनील कुमार गौतम ने एक सितंबर 2025 को उन्हें फोन किया। दोनों ने बताया कि उनका एयरटेल मोबाइल नंबर 68 लाख रुपये के एक बड़े मनी लांड्रिंग मामले से जुड़ा हुआ है। इसे ब्लाक करने की बात कहकर उनसे संदीप कुमार नाम के व्यक्ति ने 68 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तारी का भय दिखाकर बच्चों को भी कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी गई।

महिला ने 9 सितंबर 2025 को पहली बार 27 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद लगभग 60 दिनों तक किस्तों में रकम भेजती रहीं। 30 अक्टूबर को आखिरी बार 2 करोड़ 45 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 3.09 करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए। पैसे जुटाने के लिए उन्होंने एफडी तोड़ी, गोल्ड लोन लिया और शेयर तक बेच दिए।

साइबर एएसपी कुश मिश्रा ने बताया है कि बुजुर्ग महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही बुजुर्ग महिला द्वारा जिन खातों में रुपए ट्रांसफर करवाए है, उन खातों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker