
एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराए गए गोलीबारी से जख्मी कुख्यात विनय त्यागी की 27 दिसंबर को मौत हो गई। अब मृतक विनय त्यागी की बहन सीमा त्यागी और बेटी ने कई आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं। विनय त्यागी की बहन ने इस पूरे मामले में करोड़ों की काली कमाई के राज की बात बताई है।
गैंगस्टर विनय त्यागी का एम्स ऋषिकेश में आपरेशन किया गया था। उसकी गर्दन और हाथ में लगी गोली को डाक्टरों की टीम ने निकाला था। गोली लगने से उसकी आंतें फट गई हैं। गैंगस्टर को आइसीयू वार्ड में वेंटीलेटर पर रखा गया था है।
एम्स ऋषिकेश में विनय त्यागी की बहन सीमा त्यागी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विनय त्यागी एक ठेकेदार की 750 करोड़ रुपए की काली कमाई का राज जानता था। यह रकम देहरादून के डॉक्टर के घर रखी हुई थी। ये जानकारी विनय ईडी को देना चाहता था। ऐसे में जब यह बात ठेकेदार को पता चली तो उसने डॉक्टर के माध्यम से उसे चोरी में जेल भिजवा दिया। यह राज कभी न खुले, इसके लिए विनय त्यागी को खत्म करने की योजना बनाई गई थी।
गैंगस्टर विनय पर पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में पेशी के दौरान अंधाधुंध फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस अरेस्ट कर चुकी है। शूटरों से वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे भी बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान सन्नी यादव उर्फ शेरा और अजय के रूप में हुई है। सन्नी ने पूछताछ में बताया कि पैसों की लेनदेन के विवाद के चलते उन्होंने विनय की हत्या की है।


