
विकासनगर में दो कश्मीरी शॉल युवकों की पिटाई का मामला सामने आया है। जो फेरी लगाकर शॉल बेचने का काम करते हैं और कश्मीर से विकासनगर आए थे। दोनों युवक डाकपत्थर रोड स्थित एक जनरल स्टोर से सामान खरीदने गए थे। दुकान पर मौजूद लोगों ने उनके साथ धार्मिक और जातिगत टिप्पणियां कीं। पीड़ित युवकों का कहना है कि इसके बाद दुकान मालिक ने उन्हें पहलगाम आतंकी हमले से जोड़ते हुए आपत्तिजनक बयान दिए और विरोध करने पर दोनों पर जानलेवा हमला कर दिया।
दोनों कश्मीरी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। घटना की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग विकासनगर बाजार चौकी पर इकट्ठा हो गए। मौके पर पहुंचे मुस्लिम समाज के लोगों ने घायल युवकों को गोद में उठाकर पुलिस चौकी का घेराव किया और उत्पीड़न बंद करो जैसे नारे लगाए।



