
ऋषिकेश के शिवपुरी में रविवार सुबह गंगा नदी में नहाने के दौरान जयपुर निवासी एक युवक और युवती बह गए। एसडीआरएफ और जल पुलिस उनकी तलाश में जुटी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
राज्य आपदा प्रतिवादल बल (एसडीआरएफ) के निरीक्षक कवींद्र सिंह सजवाण ने बताया कि लवेश और चेतना सुबह करीब साढ़े आठ बजे नदी में नहाने गए थे। उन्होंने कहा कि वे चार दोस्तों के एक समूह का हिस्सा थे, जो शिवपुरी में एक शिविर में ठहरे हुए थे। उन्होंने कहा कि जब दोनों नदी से वापस नहीं लौटे तो उनके दोस्तों ने पुलिस से संपर्क किया।
एसडीआरएफ निरीक्षक कवींद्र के अनुसार, डूबने वाले पर्यटकों के मित्र राजकुमार मीणा ने पूछताछ में बताया कि उनका मित्र लवेश साटिवाल (26) पुत्र सुरेश साटीवाल निवासी जयपुर, राजस्थान व चेतना मीणा (27) निवासी हरिशंकर मीणा निवासी प्रतापनगर, जयपुर शनिवार को कैंप में ठहरे थे।
एसडीआरएफ निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि लवेश साटिवाल राजस्थान विद्युत निगम लि. में जूनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत था। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर गंगा नदी में सर्च अभियान शुरू किया। हालांकि, अभियान के दौरान दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।


