केदारनाथ धाम में दुकानदारों के फूटा गुस्सा, पुलिस और व्यापारियों के बीच जमकर हंगामा

केदारनाथ धाम में अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों और प्रशासन के बीच विवाद बढ़ा। शनिवार को प्रशासन और पुलिस की निगरानी में दुकानों को हटाए जाने की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
दुकानें हटाए जाने के बाद दुकानदारों ने प्रशासन से उनके पक्ष को सुनने और रोजगार के लिए पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। उनका कहना है कि अचानक दुकानें हटने से उनकी आजीविका प्रभावित हुई है।
शनिवार को प्रशासन की टीम मंदिर मार्ग पर पहुंची और अस्थायी दुकानें संचालित कर रहे व्यापारियों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंच गए और वहीं धरना शुरू कर दिया।
व्यापारियों ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इन दुकानों से कई स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी जुड़ी है और इन्हें हटाने से उनकी आजीविका प्रभावित होगी।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण के कारण तीर्थ यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही अतिक्रमण के चलते केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों में भी दिक्कतें आती हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को स्थिति से अवगत कराते हुए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
