
राजाजी टाइगर रिजर्व की पर्यटक रेंजों के गेट शनिवार सुबह सात बजे सैलानियों के लिए खोल दिए गए। मेहमानों के स्वागत के लिए पार्क प्रशासन की ओर से गेटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। पार्क की मोतीचूर, चीला, रानीपुर व मोहंड रेंज अपने वन्यजीव पर्यटन के लिये विख्यात है। मोतीचूर रेंज में आज विधिवत रूप से पूजा अर्चना की गई। रेंज अधिकारी महेश सेमवाल व वार्डन सरिता भट्ट ने रिबन काट कर पर्यटक सीजन की शुरुआत की।
राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट प्रतिवर्ष 15 नवंबर को सैलानियों के लिए खोले जाते हैं। अब यहां सैलानी करीब छह माह 15 जून तक जंगल सफारी का लुत्फ उठा सकेंगे। चीला व मोतीचूर रेंज पर्यटकों की सबसे पसंदीदा रेंज हैं। यहां एशियाई हाथी और बाघ अच्छी संख्या में मौजूद हैं।
चीला रेंज में वार्डन चित्रांजलि नेगी, रेंज अधिकारी बीडी तिवारी व रेंज अधिकारी राजेश जोशी ने चीला पर्यटन मार्ग को खोला। पार्क की मोतीचूर रेंज में पंहुचने वाले पर्यटको के लिए इस बार नए रिसेप्सन सेंटर का निर्माण किया गया है। साथ ही पर्यटको की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता इंतजाम किए गए।



